किरतपुर। किरतपुर में पेट्रोल छिड़ककर वाहन में आग लगवाने वाले आरेापी जैद को पुलिस ने पकड़ लिया है। पकड़ा गया आरोपी महाराष्ट्र में भी एक वाहन में आग लगाकर अपने आका अबूबकर को वीडियो भेज चुका था।
किरतपुर में चार मार्च की रात हिन्दू चिह्न वाली एक गाड़ी मे आग लगा दी गई थी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली और 12 मार्च को आरोपी अबुजर शमीम राईन गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया था। अबुजर ने पुलिस को बताया था कि मौसेरे भाई जैद ने पैसों का लालच देकर कहा था कि किसी हिंदू के वाहन में आग लगाओ और वीडियो भेजो। अब पुलिस ने आरोपी जैद निवासी मोहल्ला लुकमानपुरा, किरतपुर को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में जैद ने बताया कि वह चार वर्षों से महाराष्ट्र के पनवेल में काम करता है। उसकी चार-पांच महीने पहले टेलीग्राम के जरिए अबुबकर से पहचान हुई। अबुबकर ने उसे भड़काऊ वीडियो भेजे और आगजनी के लिए उकसाया। पैसे का लालच भी दिया गया था। जैद ने पनवेल में वाहन में आग लगाकर वीडियो भेजा था। मगर उस वक्त अबूबकर ने कहा था कि कुछ और बड़ा करो, तभी पैसे मिलेंगे। इसके बाद जैद ने अबुजर को भी अबुबकर से जोड़ा। अबुजर ने 4 मार्च को किरतपुर में आगजनी की घटना की। जैद पकड़े जाने के डर से मोबाइल डेटा डिलीट कर फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, वह टेलीग्राम समूह से कट्टरपंथी सामग्री साझा कर साजिश रच रहा था। उधर पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अबूबकर पाकिस्तानी है या नहीं। पकड़े गए आरोपी के आतंकी कनेक्शन के पहलू पर भी पुलिस जांच में जुटी है।