नहटौर में किसान नेता कैलाश लांबा को हिरासत में लेकर जाती पुलिस।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। किसान आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के वेस्ट यूपी महासचिव कैलाश लांबा को उनके घर से हिरासत में ले लिया है। बाद में घर में ही नजरबंद कर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया।
एमएसपी पर फसलों की खरीद की गारंटी के लिए किसान संगठन लगातार दिल्ली बॉर्डर पर जाकर व जिले में भी प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को भाकियू ने कलक्ट्रेट में ज्ञापन देने, आजाद किसान यूनियन ने गन्ना समिति परिसर बिजनौर में बैठक करने की घोषणा कर रखी है। राष्ट्रीय किसान मजदूूर संगठन ने भी तय किया गया था कि सभी कार्यकर्ता बिजनौर में सेंट मेरी चौराहे पर एकत्र होंगे। हालांकि आगामी रणनीति के बारे में खुलासा नहीं किया गया था। रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के वेस्ट यूपी महासचिव कैलाश लांबा को नहटौर में चांदपुर की चुंगी स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया।
कैलाश लांबा ने बताया कि पुलिस ने उनके घर आकर कहा कि उनसे जिले की शांति भंग होने का खतरा है। कैलाश लांबा का कहना है कि संगठन ने हमेशा किसानों की लड़ाई लड़ी है। कोई भी गैरकानूनी काम आज तक नहीं किया है। उन्होंने प्रशासन की हरकत के बारे में संगठन के पदाधिकारियों को बता दिया है। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन जिलाध्यक्ष विनोद कुमार का कहना है कि किसान को पुलिस एकदम हिरासत में ले रही है लेकिन किसान का भुगतान एक साल में भी न करने वाले मिल मालिकों की ओर पुलिस देखती भी नहीं है। एसपी डा. धर्मवीर सिंह के मुताबिक दिल्ली के फीड बैक पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के वेस्ट यूपी महासचिव कैलाश लांबा को हिरासत में किया गया था।