बिजनौर। जिले में बुधवार से संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत हो गई है। अभियान के पहले दिन कलक्ट्रेट में सभी को संचारी रोग की रोकथाम और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में नगरपालिका चेयरपर्सन इंदिरा सिंह ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए शपथ दिलाई गई। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता, साफ-सफाई एवं जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। सभी से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने जलभराव, गंदगी एवं मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। इससे पहले अभियान का शुभारंभ नगरपालिका चेयरपर्सन इंदिरा सिंह, डीएम जसजीत कौर ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. कौशलेंद्र सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी मंजूषा गुप्ता, आशुतोष कुमार, जिला पंचायत राज्य अधिकारी रिजवान अहमद, डीपीएम फारूक अजीज आदि मौजूद रहे।