नजीबाबाद में डिस्ट्रिक्ट बिजनौर ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से जिलास्तरीय कलर बेल्ट कंपीटीशन आयोजित किया गया। ताइक्वांडो के खिलाड़ियों ने क्षमताओं से बढ़कर प्रदर्शन कर बेल्टें हासिल कीं।
लायंस कम्यूनिटी हॉल में एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कटियार और कोच राजू राजपूत की देखरेख में जिलास्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। ताइक्वांडो की विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन कर प्रतिभागी खिलाड़ियों ने प्रतिभा प्रदर्शित की। राजू राजपूत ने कहा कि प्रतियोगिता आयोजन का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को आत्मरक्षा की महत्वपूर्ण कला के प्रति गंभीर बनाना और विभिन्न कलाओं में पारंगत कर उनकी प्रतिभा को निखारना है। उन्होंने उम्दा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेल्टें प्रदान कीं। कोच राजू राजपूत ने बताया कि कलर बेल्टें प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। कंपीटीशन में चांदपुर ताइक्वांडो क्लब, फीना ताइक्वांडो क्लब के अलावा जनपद के विभिन्न इंटर कॉलेजों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर जीवन सिंह, अभिनव सिंह, रिचा कटियार, नसीम अहमद, निखिल शर्मा, विधि कटियार का सहयोग रहा।