नूरपुर के गांव जमालपुर कीरत में शव मिलने के बाद जमा भीड़।
- फोटो : BIJNOR
संदिग्ध परिस्थिति में हुई व्यक्ति की मौत
नूरपुर/राजा का ताजपुर। ग्राम जमालपुर कीरत निवासी एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसकी हत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम जमालपुर निवासी साहिल (55) बृहस्पतिवार शाम जंगल जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। शुक्रवार सुबह फिर से तलाश की गई तो गांव से कुछ दूर अपने ही खेत में साहिल का शव पड़ा मिला। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार वर्मा और सीओ शुभ सूचित मौके पर पहुंचे तथा परिजनों से जानकारी ली। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को वहां डाले जाने की आशंका जताई, इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के माथे पर हल्की चोट के निशान के अलावा शरीर पर किसी प्रकार का कोई निशान नहीं था। साहिल मुंबई में काम करता था और कुछ दिन पहले अपने चचेरे भाई को प्रधान का चुनाव लड़ाने के लिए घर आया था। मृतक के भतीजे सुहेल ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सीओ शुभ सूचित का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता लगेगा।