बिजनौर-नगीना मार्ग पर रेलवे फाटक पर लगा जाम। इस जाम में घंटों तक लोग फंसे रहे। संवाद
धामपुर। रेलवे ट्रैक मरम्मत के कारण नहटौर रेलवे फाटक के 15 नवंबर तक के लिए बंद होने के कारण मंगलवार को जैतरा रेलवे फाटक पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों का कहना है कि नहटौर रेलवे फाटक के बंद हो जाने के कारण नगर की 90 प्रतिशत जनता की आवाजाही अब जैतरा रेलवे फाटक पर बढ़ गई है। जिसके कारण लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मनोज कुमार, महेंद्र कुमार , गजेंद्र सिंह, लाला लाजपत राय मुखिया आदि ने बताया कि दो साल पहले रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने जाम की स्थिति से निपटने के लिए धामपुर में नहटौर और जैतरा रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाए जाने की घोषणा की थी।
घोषणा के अनुरूप रेल विभाग की ओर से इन दोनों फाटकों पर अंडरपास का निर्माण करने के लिए मंजूरी भी हो गई। लेकिन अभी तक रेल विभाग की ओर से अंडरपास बनाने का काम चालू नहीं किया गया है। अंडरपास बन गया होता तो लोगों को जाम की समस्या न झेलनी पड़ती। उन्होंने रेल विभाग के अधिकारियों से जल्दी ट्रैक की मरम्मत कर नहटौर रेलवे फाटक को चालू करने की मांग की है।