- पुलिया के दोनों ओर नहीं बनाई एप्रोच रोड, पत्थर और मिट्टी पर से हो रहा आवागमन
संवाद न्यूज एजेंसी
नींदड़ू। नींदड़ू-अंथाई शेख-मीमला संपर्क मार्ग पर बिजली घर के पास इकड़ा नदी पर प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग बिजनौर के जरिए पुलिया तो बना दी गई, लेकिन एप्रोच मार्ग का निर्माण कार्य अधूरा रहने से किसानों और राहगीरों को अधिक ऊंची पुलिया के ऊपर से होकर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धामपुर-नूरपुर मार्ग के पश्चिम में बरसाती नदी इकड़ा बहती है। गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅलियों और ट्रकों के निकलने से इसकी पुलिया क्षतिग्रस्त हुई, तो लोक निर्माण विभाग ने बड़े व्यास के दो पाइप डालकर पुलिया का पुन: निर्माण करा दिया। बरसात का पानी इसी पुलिया से होकर कडूला नदी में जाता है। कई वर्षों से इकड़ा की साफ-सफाई नहीं होने और पुलिया के पाइपों में मिट्टी भरने से बारिश का पानी पुलिया के ऊपर से बहने लगा।
पिछले वर्ष नींदड़ू खास, बाजीदपुर-बीरू, मोहम्मद अलीपुर भिक्कन, मनकुआ, अजीतपुर दासी, शेखपुरा पित्था, अंथाई शेख, कोटरा टप्पा, बसेड़ा खुर्द, मटोरा मान, मटोरा दरगाह और मीमला के किसानों और ग्रामीणों को दूसरे रास्तों से आने-जाने में काफी दिक्कत उठानी पड़ी। किसानों की मांग पर विधान सभा क्षेत्र नहटौर के विधायक ओमकुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नींदड़ू-अंथाई-मीमला मार्ग के इकड़ा नदी पर पुलिया का निर्माण कराया। इस पर 86.57 लाख रुपये व्यय हुए। पुलिया बन गई, लेकिन एप्रोच मार्ग का निर्माण नहीं हुआ। लोगों को पुलिया के दोनों ओर डाली गई मिट्टी-पत्थर से होते हुए अधिक ऊंचाई की पुलिया के ऊपर से आना-जाना पड़ रहा है।
भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष हरिराज सिंह (अजीतपुर दासी) ने बताया कि नींदड़ू-अंथाई शेख मार्ग पर बनी पुलिया की ऊंचाई अधिक है। दोनों ओर ज्यादा ढलान होने के कारण आवागमन में कठिनाई हो रही है। पुख्ता एप्रोच मार्ग के साथ ढलान को कम करने के लिए यथाशीघ्र सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय किसान यूनियन तहसील धामपुर के अध्यक्ष नवेद अरशद उर्फ शबलू (नींदड़ू खास) ने पुरानी पुलिया की अपेक्षा नई पुलिया को अधिक ऊंचा बताते हुए कहा कि पुलिया की ऊंचाई अधिक होने से बरसात का पानी तो आसानी से निकल जाएगा, लेकिन अभी तक सड़क का कार्य पूरा नहीं होने के कारण पुलिया पार करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला पंचायत सदस्य रफत हुसैन (अंथाई शेख) का कहना है कि ठेकेदार ने पुलिया तो बना दी, लेकिन एप्रोच मार्ग नहीं बनाया। केवल मिट्टी-पत्थर डालकर आवागमन खोल दिया। एप्रोच मार्ग और ढलान की सड़क नहीं बनने से लोगों को अधिक ऊंची पुलिया के ऊपर से गुजरने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सुगम आवागमन के लिए कार्य शीघ्र पूरा होना चाहिए।
किसान आमिर निशात (नींदड़ू खास) का कहना है कि पुलिया की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण साइकिल से आने जाने वाले किसान व राहगीर पुलिया को सुगमता पूर्वक पार नहीं कर पाते। उन्हें पुलिया से पहले साइकिल से उतर कर साइकिल को पैदल आगे ले जाना पड़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग बिजनौर के अधिशासी अभियंता हेमंत प्रताप सिंह ने बताया कि इकड़ा नदी पर निर्मित दो दरों वाले बॉक्स कल्वर्ट (पुलिया) को निर्धारित मानक के अनुरूप बनाया गया है। बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण पानी की निकासी और प्रवाह के मुताबिक किया जाता है। अभी कार्य अधूरा है, एप्रोच मार्ग का निर्माण पूरा होने के बाद आवागमन सुगम और सुविधाजनक हो जाएगा।