प्रवासी मजदूरों को रोजगार देने की पीडब्लूडी ने की शुरुआत
चांदपुर। कोविड-19 के चलते देश में चले लॉकडाउन में बेरोजगार मजदूरों को सरकार द्वारा काम दिए जाने की योजना को पीडब्लूडी ने मजदूरों को काम देकर कारगर किया है। पीडब्लूडी ने मनरेगा के अंतर्गत करीब 150 प्रवासी स्थानीय मजदूरों को काम पर लगाया है। अन्य बेरोजगार मजदूरों की सूची रोजगार सेवकों से मांगी गई है।
सरकार के निर्देश पर पीडब्लूडी ने प्रवासी मजदूरों को मनरेगा के अंतर्गत काम देने की शुरुआत की है। सामान्य तौर पर पीडब्लूडी में काम ठेकेदारों द्वारा होता है, लेकिन इसमें विभाग द्वारा सहयोग किया जा रहा है। खाली बैठे मजदूरों को विभाग द्वारा सीधे काम पर लगाया जा रहा है। पीडब्लूडी के जेई जसवीर सिंह ने बताया कि उनके अपने क्षेत्र में चांदपुर से फीना रोड, बास्टा रोड, धनौरा रोड आदि पर 30 स्थानों पर मनरेगा के अंतर्गत प्रवासी मजदूरों से काम कराने की योजना है। उन्होंने बताया कि गांव भिड़ियाखेड़ा, केलनपुर, हिरनाखेड़ी, अथाई, अहरौला आदि में करीब 150 मजदूर काम कर रहे हैं। पीडब्लूडी जेई ने बताया कि अन्य स्थानों पर काम कराने के लिए रोजगार सेवकों से प्रवासी मजदूरों की सूची मांगी गई है।