दो मौत के बाद भी कोरोना से डर नहीं रहे लोग
बिजनौर। कोरोना संक्रमित दो मरीजों की मौत के बाद भी जिलेवासी संभलने को तैयार नहीं हैं। कोरोना की कड़ी गाइडलाइन लागू होने के बाद भी बाजार में बिना मास्क के लोग घूम रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान भी बिल्कुल नहीं रखा जा रहा है। प्रशासन की कोशिशों पर भी जनता पानी ही फेर रही है।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीज किसी दिन अगर कम मिलते हैं तो अगले दिन एकदम से उनकी संख्या दोगुनी हो जाती है। जिले में वर्तमान में कोरोना के एक हजार से अधिक सक्रिय मामले हैं। तीन दिन पहले ही कोरोना से संक्रमित एक महिला व एक पुरुष की मौत हो गई थी। दोनों अन्य गंभीर रोगों से ग्रसित थे। कोरोना संक्रमण को लेकर पहले ही डीएम ने सख्ती लागू की है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जिला अस्पताल के भ्रमण के समय जनता से नियमों का पालन करने की अपील की थी, लेकिन जनता इसे सुनने को तैयार नहीं है। बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। भीड़ की वजह से जगह-जगह चौराहों पर जाम के हालात रहते हैं। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का कोई अता पता नहीं है। काफी लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं और बिना मास्क लगाए ही भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से भी नहीं बच रहे हैं। जनता कोरोना को देखते हुए चुनावी सभा न कराने की बात करती नजर आती है, लेकिन लापरवाही खुद ही कर रही है। सबसे बुरी हालत बाजार में ही रहती है। ग्राहक और दुकानदार दोनों ही बिना मास्क के दिखते हैं।
इन नियमों का करें पालन
- जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलें।
- बिना मास्क के घर से न निकलें।
- भीड़भाड़ में जाने से बचें।
- सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
- बुजुर्ग, बच्चे और गर्भवती महिलाएं घर से न निकलें।
- शादी समारोह में कम ही मेहमान बुलाएं।
गाइडलान का पालन जरूरी
सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल के अनुसार गाइडलाइन का पालन करके ही संक्रमण को रोका जा सकता है। घर से निकलते समय मास्क जरूर लगाएं।