झालू। यूपी बोर्ड की परीक्षा में संस्कृत विषय में बेहतर अंक पाने के लिए नियमित अध्ययन जरूरी है। संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है, लेकिन वर्तमान में छात्र-छात्राओं में इसके प्रति अरुचि देखने को मिल रही है। अधिकांश विद्यार्थी यह मान लेते हैं कि संस्कृत कठिन विषय है और इससे दूरी बना लेते हैं, जबकि वास्तव में संस्कृत अत्यंत मधुर और समृद्ध भाषा है।
पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज झालू की कार्यवाहक प्रधानाचार्या एवं संस्कृत प्रवक्ता चारू विद्यार्थियों को सलाह देती हैं कि इंटरमीडिएट स्तर पर संस्कृत की तैयारी पाठ्यक्रम और गत वर्षों के बोर्ड परीक्षा प्रश्नपत्रों के आधार पर करें। उन्होंने बताया कि व्याकरण संस्कृत का मजबूत आधार है, इसलिए समास, संधि, शब्दरूप, धातुरूप, प्रत्यय और वाच्य परिवर्तन पर विशेष ध्यान देकर विद्यार्थी अच्छे अंक प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट संस्कृत पाठ्यक्रम में चंद्रापीड़ कथा, रघुवंशम् महाकाव्यम और अभिज्ञानशाकुंतलम् तीन प्रमुख पुस्तकें शामिल हैं। बोर्ड परीक्षा में सफलता के लिए इन तीनों पुस्तकों का गहन और भली-भांति अध्ययन करें। यदि संस्कृत समझने में कठिनाई लग रही है, तो उसका हिंदी सार का अध्ययन करें। प्रवक्ता ने संस्कृत लेखन की बारीकियों पर जोर देते हुए कहा कि इस भाषा में मात्राओं और अनुस्वार का विशेष महत्व होता है। मात्रा या अनुस्वार के अभाव अथवा त्रुटि से पूरे वाक्य का अर्थ बदल सकता है, इसलिए नियमित अभ्यास के साथ शुद्ध लेखन पर ध्यान देना जरूरी है।
-
निबंध और अलंकार पर विशेष अभ्यास
प्रवक्ता चारू ने बताया कि परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए विद्यार्थियों को संस्कृत में निबंध लेखन और अलंकारों का नियमित अभ्यास करना चाहिए, क्योंकि ये प्रश्न अक्सर अंक निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कारक और विभक्ति की समझ जरूरी
संस्कृत में कारक और विभक्ति को भली-भांति समझकर अनुवाद का अभ्यास करने से परीक्षा में सफलता सुनिश्चित की जा सकती है।
परीक्षा के लिए उपयोगी टिप्स...
लेखन शैली में निरंतर सुधार करें।
संस्कृत रटने का विषय नहीं है, इसे लिखकर और समझकर पढ़ें।
पाठ्यक्रम में शामिल पात्रों के चरित्र चित्रण और रचनाकारों की जीवनी को समझकर अध्ययन करें।
बहुविकल्पीय प्रश्नों का विशेष अभ्यास करें, सही लेखन से पूर्ण अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।