अजीतपुर में गुलदार दिखने से ग्रामीणों में दहशत
धामपुर। अजीतपुर दासी के ग्रामीणों में गुलदार देखे जाने पर दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को गुलदार को पकड़कर वनों में छोड़ने की मांग की है।
भाकियू भानू गुट के ब्लाक अध्यक्ष हरिराज सिंह, प्रेमराज सिंह, घनश्याम सिंह पांडे का कहना है कि एक सप्ताह से ग्राम अजीतपुर, सरकड़ा, सलेम सराय आदि क्षेत्र में गुलदार का जोड़ा के साथ देखा जा रहा है। गुलदार नजर आने से किसान खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। अजीतपुर दासी में बृहस्पतिवार देर शाम जैसे ही गुलदार बस्ती के निकट देखा गया, तो ग्रामीण घबरा गये और उन्होंने रातभर पहरा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें खतरा है कि कहीं गुलदार रात में उनकी पशुशाला में घुसकर उन्हें और पशुओं को नुकसान न पहुंचा दे। लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़वाकर अमानगढ़ के जंगल में छुड़वाने की मांग की है। तीन दिन पहने ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों की मदद से गांव नाथाडोई में मुर्गी पालन फार्म हाउस में घुसे एक गुलदार को पकड़कर अमानगढ़ वन रेंज में छुड़वाया है।