बिजनौर के चंदक में सीएमओ डा. मनमोहन अग्रवाल ने पीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में काफी कमियां मिलीं। खुद पीएचसी प्रभारी सीएमओ के पहुंचने के आधा घंटे देर से पहुंचे। सीएमओ ने अनियमितता मिलने पर नाराजगी जताई।
शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे सीएमओ पीएचसी पहुंचे। पीएचसी प्रभारी डा.देवेंद्र कुमार केंद्र पर नहीं मिले। स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए लगाई गई टीम के सदस्यों की उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज थी। हालांकि मूवमेंट रजिस्टर में कोई एंट्री नहीं थी।
फोन पर पूछताछ की तो सदस्यों ने अपनी लोकेशन अपने कार्य क्षेत्र से बाहर बिजनौर के आसपास बताई। पीएचसी के कमरों में भी गंदगी मिली। इमरजेंसी रूम में ऑक्सीजन सिलेंडर तक नहीं मिला। एक साल से खराब पड़ा हैंडपंप अब भी खराब हालत में मिला।
उन्होंने ओपीडी व दवाई वितरण कक्ष का भी निरीक्षण किया। सीएमओ ने पीएचसी प्रभारी को कार्य में सुधार के निर्देश दिए।