बिजनौर। गर्मी के दिनों में बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए ऊर्जा निगम सिस्टम को मजबूत करने में जुटा है। बिजनौर सर्किल के ग्रामीण क्षेत्र में उपभोक्ताओं के लोड को देखते हुए विभाग बिजलीघरों की क्षमतावृद्धि करेगा। यहीं नहीं आबादी में रखे ओवरलोड व आवश्यकता वाले विद्युत ट्रांसफार्मरों की भी क्षमतावृद्धि की जाएगी।
दिनोंदिन हर वर्ग के उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ रही है। यहीं कारण है कि मांग और खपत में अंतर से गर्मियों में व्यवस्था लड़खड़ा जाती है। शहर ही नहीं ग्रामीण क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बेपटरी होने लगी है। बिजनौर सर्किल की बात करें तो वर्तमान में 2 लाख, 98 हजार 873 उपभोक्ता की बिजली आपूर्ति के लिए करीब 47 बिजलीघर है। विभाग की ओर से बिजनेस प्लान में ग्रामीण बिजली व्यवस्था दूरस्थ करने को कई कार्य रखे हैं।
विभाग से धनराशि जारी होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा आबादी में रखे ओवरलोड बिजलीघरों की क्षमतावृद्धि को भी बिजनेस प्लान में रखा गया है। काफी ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि की गई है।
बिजनौर डिवीजन के अधिशासी अभियंता अजय कुमार कैम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सही करने की कवायद चल रही है। नए बिजनेस प्लान में क्षेत्र के चौकपुरी बिजलीघर, नांगल जट, फजपुर, अलाउद्दीन, लद्दूपुरा बिजलीघर की पांच - पांच एमवीए की क्षमतावृद्धि होगी। ताकि गर्मियों के दिनों में ग्रामीण उपभोक्ताओं को निर्बाध, सही बिजली आपूर्ति हो सकें।