बिजनौर में एसबीआई में उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में शुक्रवार से एटीएम से नई करेंसी लेने और बैंकों में 500 और 1000 के नोटों को बदलने के लिए पहुंचे उपभोक्ताओं को भारी निराशा हुई। शुक्रवार को कई बैंकों का कैश खत्म हो गया। नई करेंसी और कैश न आने से बैंकों की व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई। कुछ बैंकों ने अपने ही उपभोक्ताओं को उनके अकाउंट से पैसा दिया। कई राष्ट्रीयकृत बैंकों के एटीएम मशीनों पर भी ताले लटके रहे। कुछ ही निजी बैंकों के एटीएम से पैसा निकल पाया। इन हालात में दिनभर बैंकों और एटीएम के बाहर लंबी कतारें तो लगी रही मगर पैसा नहीं मिल पाया।
बैंकों में बृहस्पतिवार से भी ज्यादा भीड़ शुक्रवार को उमड़ी। सबसे ज्यादा उन लोगों को हुई जिनके परिवारों में शादियां होनी हैं और जिनके परिजन अस्पतालों में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। ऐसे लोगों को पैसा न मिलने के कारण उनके आयोजन तक प्रभावित हो गए। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि दूसरे बैंकों में पैसा जमा कराना और एटीएम से निकालना संभव नहीं हुआ। बैंक केवल अपने ही खाताधारकों को प्राथमिकता देते रहे। शुक्रवार से बैंकों के एटीएम से पैसे मिलने के दावे ढेर हो गए।
एसबीआई, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, बंधन बैंक, सर्व यूपी ग्रामीण बैंक, जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, पीएनबी आदि की शाखाओं में कैश खत्म हो गया। वहां केवल उपभोक्ताओं के रुपये ही जमा किए गए। सूत्रों के अनुसार बैंकों की चेस्ट में भी अभी रुपया नहीं आया है। चेस्ट के बाद बैंक शाखाओं में रुपये आने में भी समय लगेगा।