कैश न होने पर हाईवे पर लेट कर विरोध प्रदर्शन करता खाताधारक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर के अफजलगढ़ मेंएसबीआई में कैश नहीं मिलने से नाराज ग्राहकों ने बृहस्पतिवार को हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हाईवे पर लेट गए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हालात दिन प्रतिदिन बेकाबू होते जा रहे हैं। बैंकों से कैश लेने के लिए सुबह से ही प्रतिदिन लाइन में आकर खड़े हो जाते हैं। हालांकि घंटों लाइन में लगने के बाद उन्हें कैश देने से मना कर दिया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाबुझाकर उनके गुस्से को शांत किया।
बृहस्पतिवार को एसबीआई शाखा में सुबह से ही भीड़ लगनी शुरू हो गई। दोपहर बाद मैनेजर ने लाइन में लगे उपभोक्ताओं को कैश खत्म होने की बात कहते हुए रकम देने से मना कर दिया। इससे उपभोक्ता आगबबूला हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि घर और आफिस का काम छोड़कर लाइन में लगने के बाद भी उन्हें कैश नहीं मिलता। घर पर कैश नहीं होने की वजह से समस्या खड़ी हो गई है। राशन नहीं होने की वजह से परिवार भूखे सोने को विवश हो रहा है। मेहनत मजदूरी छोड़कर लाइन में लगन पड़ता है। लोग प्रतिदिन लाइन में खड़े होकर बैंक से खाली हाथ लौट रहे हैं। इससे खफा खातेधारकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाईवे पर लेट गए। सूचना मिलते ही इससे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने ग्राहकों को बमुश्किल समझाबुझाकर शांत किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी हाईवे से हटने को राजी हुए। ग्राहकों ने चेताया कि यदि एसबीआई ने यदि शीघ्र ही कैश की व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो बैंक में ताला जड़ दिया जाएगा। उधर, शाखा प्रबंधक हरीश कुमार ने प्रदर्शनकारियों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि बैंक में कैश नहीं आने के कारण सभी उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक में कैश आते ही ग्राहकों को वितरित कर दिया जाता है।