‘किसान और किसानी को बर्बाद कर देंगे अध्यादेश’
-अध्यादेशों को किसान विरोधी बताते हुए वापस लेने की मांग की
फोटो-4
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने ‘कारपोरेट भगाओ, किसान बचाओ’ रैली के अंतर्गत सभी तहसीलों व जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार के खेती के लिए लाए गए तीनों अध्यादेशों को किसान विरोधी बताते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की।
गन्ना समिति में हुई बैठक में वेस्ट यूपी महासचिव कैलाश लांबा ने कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में भी किसानों की मेहनत की बदौलत देश में कहीं भी अनाज की कमी नहीं पड़ी। अनाज उगाने वाले किसानों की ही अनदेखी की जा रही है। सरकार के तीन अध्यादेश किसान और किसानी दोनों को बर्बाद कर देंगे। जब न्यूनतम मूल्य ही नहीं रहेगा तो व्यापारी अपनी मर्जी से फसल खरीदेंगे। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि नए अध्यादेशों से महंगे बीज बोने के बाद भी फसलों के रेट कम होंगेे। कहा कि अब अपनी खेती को पूंजीपतियों से बचाने का समय आ गया है। किसानों के बच्चे तो पहले ही नुकसान के चलते खेती छोड़ रहे हैं। सभा की अध्यक्षता भूदेव सिंह व संचालन महिपाल तोमर ने किया। इस दौरान तहसील अध्यक्ष अंकुर चौधरी, कपिल राणा, गौरव, ललित, कामेंद्र सिंह, यासीन खां, गजेंद्र सिंह, खूब सिंह, हितेंद्र, जयपाल सिंह, लाखन सिंह आदि मौजूद रहे।