नहटौर के मोहल्ला नौधा में विरोध करने के बारे में पुलिस को जानकारी देती सर्वे टीम।
- फोटो : BIJNOR
मोहल्ला नौधा में सर्वे करने पहुंची टीम का विरोध
नहटौर (बिजनौर)। मोहल्ला नौधा में सर्वे करने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम का विरोध करते हुए घेराव किया गया। एक परिवार ने सर्वे कराने से इनकार कर दिया। पुलिस और सभासद के समझाने पर मोहल्ले में सर्वे शुरू हो सका।
नहटौर थाने में एक दरोगा के संक्रमित मिलने के बाद थाने के आसपास का एक किलोमीटर का एरिया सील कर दिया गया है। मोहल्ले की गलियों में बैरिटेडिंग लगाई गई है। हाट स्पॉट घोषित होने पर स्वास्थ्य विभाग ने नगर में सर्वे कराने का काम शुरू कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की एएनएम, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों के सर्वे कर रही हैं। सर्वे में घर के सदस्यों और मोबाइल नंबर आदि डाटा जुटाया जा रहा। बताया जाता है कि मोहल्ला नौधा में एएनएम अंजलि सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम सर्वे करने गई थी। इस दौरान एक परिवार ने सर्वे कराने से इनकार करते हुए विरोध कर दिया। देखते ही देखते मोहल्ले के कुछ युवकों ने टीम का घेराव कर दिया। घेराव होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम घबरा गई। टीम ने समझाने की कोशिश की लेकिन युवक वार्ड सभासद को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। सूचना पर पुलिस और सभासद प्रतिनिधि कामेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाने के बाद सर्वे शुरू हुआ। चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरु चरन का कहना है कि सर्वे में यदि कोई अवरोध करता है उसकी सूचना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी जाए।