मस्जिदों में पांच-पांच लोगों ने ही पढ़ी जुमे की नमाज
धामपुर/कालागढ़/शेरकोट ।धामपुर और कालागढ़ में शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा। शांति सुरक्षा के लिए पुलिस नमाज से पहले मस्जिदों के पास तैनात हो गई थी। मस्जिदों में पूरी तरह से सरकारी गाइड लाइन का पालन करते हुए लोगों ने नमाज अदा की। बाकी लोगों ने घरों से ही नमाज अदा की। मस्जिदों में केवल पांच लोगों ने ही नमाज पढ़ी।
अलविदा जुमा पर कोरोना को लेकर पुलिस अलर्ट रही। जिससे मस्जिदों में पांच लोगों से ज्यादा नमाज न पढ़ सकें। बाकी आने वालों से कहा गया कि सब लोग अपने घर पर जाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए नमाज अदा करें। लोगों से अनावश्यक रूप से न घूमने की भी हिदायत दी।
कालागढ़ में सामाजिक दूरी के साथ मस्जिदों में पांच नमाजियों ने अलविदा जुमे की नमाज अदा की। नमाज के बाद दुनिया व भारत से कोविड -19 बीमारी को खत्म करने की दुआ की गई। मुल्क में अमन चैन के साथ तरक्की दुआ की गई। रमजान में आए अलविदा जुमे की नमाज कोविड -19 के दिशा निर्देशों के अनुसार सामाजिक दूरी के साथ पांच ही नमाजियों ने अदा की। हाइड्रिल कालोनी में मुफ्ती मोहम्मद आलिम, संजय नगर में कारी नौशाद, टीन व तख्त वाली मस्जिद में कारी मौहम्मद नासिर व पुराना कालागढ़ में मौलाना अकबर ने नमाज अदा कराई। नमाज से पूर्व ही सरकारी आदेशों के पालन करने की घोषणा करने के साथ ही नमाजियों से घर पर ही नमाज अदा करने को कहा गया।
शेरकोट में भी कोरोना कर्फ्यू के चलते मुस्लिम समाज के अधिकतर लोगों ने अलविदा जुमे की नमाज घरों पर रहकर अदा की। मस्जिदों के जिम्मेदार लोगों एवं इमामों ने मस्जिदों से एलान कर केवल पांच लोगों को ही अंदर आने की अनुमति दी।