जन सूचना के अधिकार के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू
बिजनौर। सभी शासकीय विभागों तथा कार्यालयों के लिए आरटीआई को ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की गई। जिन विभागीय अधिकारियों पर सूचना अधिकार अधिनियम के तहत अर्थदंड लगाया गया है, उनके वेतन से कटौती की जाएगी। ये बातें एडीएम प्रशासन विनय कुमार सिंह ने कहीं।
शुक्रवार को एडीएम प्रशासन विनय कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि जिन विभागीय अधिकारियों पर सूचना अधिकार अधिनियम के तहत अर्थदंड लगाया गया है, वे तत्काल उक्त सम्बन्ध में अपील दाखिल करें। वरना वेतन से उसकी कटौती कराएं। कहा कि आरटीआई ऑनलाइन पोर्टल का प्रतिदिन अवलोकन किया जाए। यदि कोई शिकायत अथवा सूचना उस पर पाई जाए तो तत्काल उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी जन सूचना अधिकारी और प्रथम अपीलीय अधिकारियों की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता करते हुए एडीएम विनय कुमार ने दिशा निर्देश दिए। आरटीआई ऑनलाइन व्यवस्था शुरू कर दी गई है। आरटीआई ऑनलाइन के क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक लोक प्राधिकरण को नोडल अधिकारी, जन सूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी को यूजर नेम एवं पासवर्ड उपलब्ध करा दिया गया है। कार्यक्रम का प्रस्तुतीकरण जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी नंद किशोर एवं ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक विकास त्यागी ने किया।