कोरोना से एक की मौत, 81 नए संक्रमित मरीज मिले
बिजनौर। जिले में 81 कोरोना संक्रमित नए मरीज मिले। नए मरीजों को शामिल कर जनपद में अब कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 14 हजार 312 पर पहुंच गई है। वहीं राहत भरी बात ये है कि 13 हजार 153 मरीजों ने कोरोना को हराया है। अब तक कुल 96 मौत कोरोना से हुई हैं। वर्तमान में सक्रिय उपचाराधीन मामले एक हजार 63 हैं।
रविवार को जनपद में कुल 3375 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं, जिनमें से 81 पॉजिटिव और 3294 नेगेटिव आए। रविवार को कुल 4148 लोगों की कोरोना जांच हुई। वर्तमान में साढ़े छह हजार से अधिक जांच रिपोर्ट प्रतीक्षारत हैं। सीएमओ डा. विजय कुमार गोयल के अनुसार टीएमयू मुरादाबाद में भर्ती कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव फतेहपुर नोआबाद निवासी एक महिला की कोरोना से मौत हो गई। शनिवार को महिला की कोरोना पॉजिटिव आई थी। उसका उपचार टीएमयू मुरादाबाद में चल रहा था। रविवार की सुबह उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।