बिजनौर में करीब डेढ़ माह पहले मनोरंजन कर विभाग के सलाहकार बनाए गए ओमपाल नेहरा को रामजन्मभूमि व कृष्ण जन्भूमि पर भव्य मंदिर बनाने के भाषण देने पर गाज गिर गई है। सपा हाईकमान ने ओमपाल नेहरा को मनोरंजन कर के सलाहकार पद से हटा दिया है।
तीन नवंबर को शासन ने बिजनौर के गंज में रहने वाले किसान नेता ओमपाल नेहरा को मनोरंजन कर विभाग का सलाहकार बनाकर वेस्ट यूपी के जाटों को खुश करने की कोशिश की थी। ओमपाल नेहरा को सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव का पुराना साथी बताया जा जाता है। एकदम से ओमपाल नेहरा का कद बढ़ने से सब सकते में आ गए थे। पार्टी के दिग्गज नेताओं को भी यह बात गले नहीं उतरी थी। ओमपाल नेहरा ने चौधरी चरण सिंह का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाने का ऐलान किया था, पर कहीं भी कुछ ऐसा दिखाई नहीं दिया।
बिजनौर में कृषि विभाग की ओर से चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित किसान सम्मान दिवस में मुख्य अतिथि के रूप में ओमपाल नेहरा को बुलाया गया था। किसान सम्मान दिवस में अपने भाषण में ओमपाल नेहरा विवादों में फंस गए। ओमपाल नेहरा ने अयोध्या में राम जन्मभूमि व मथुरा में कृष्ण जन्म भूमि पर भव्य मंदिर बनाने की बात कहकर सबको आश्चर्य में डाल दिया। चैनलों और अखबारों में भी खबर छपी। सपा हाईकमान ने बृहस्पतिवार को ओमपाल नेहरा के पर कतर डाले। उन्हें मनोरंजन कर विभाग के सलाहकार पद से हटा दिया।
प्रमुख सचिव संस्थागत वित्त कर एवं निबंधन उत्तर प्रदेश वीरेश कुमार का ओमपाल नेहरा को मनोरंजन कर विभाग के सलाहकार पद से हटाने का पत्र डीएम के पास पहुंच गया है। ओमपाल नेहरा को मनोरंजन कर विभाग के सलाहकार पद से हटाने से उनके समर्थकों में खलबली मची है।