फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओमकुमार का चुनाव रद्द: बसपा से शुरू हुआ राजनीतिक सफर, तीन बार बने विधायक; मुंशीराम पाल ने की थी शिकायत

Thu, 26 Nov 2026 10:38 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, बिजनौर

सार

Bijnor News: नहटौर से भाजपा विधायक ओमकुमार की सदस्यता हाईकोर्ट ने रद्द कर दी है। शपथपत्र में गलत जानकारी देने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। ओमकुमार एक बार बसपा से और दो बार भाजपा से विधायक बने।
विज्ञापन
ओमकुमार और मुंशीराम पाल। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिजनौर जिले की नहटौर सीट से 2022 में तीसरी बार विधायक बने ओम कुमार का राजनीतिक सफर बहुजन समाज पार्टी से शुरू हुआ था। बिजनौर के गांव माहेश्वरी जट निवासी ओम कुमार पुत्र कल्लू सिंह ने वर्ष 2008 में सामाजिक कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाई थी। 2009 में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी ने उन्हें नहटौर विधानसभा क्षेत्र का कोऑर्डिनेटर बनाया और 2012 में नहटौर (सुरक्षित) सीट से प्रत्याशी बनाया। अपने पहले चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के राजकुमार राजू को 19 हजार 398 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी।
विज्ञापन


Trending Videos

विधायक का कार्यकाल पूरा होते-होते 2016 तक उनका बसपा से मोहभंग हो गया और 2017 के विधानसभा चुनाव से उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने भी उन्हें नहटौर सीट पर टिकट दिया। इस चुनाव में ओमकुमार ने कांग्रेस प्रत्याशी मुन्नालाल प्रेमी को 23,151 मतों से हराकर लगातार दूसरी बार विधानसभा में जगह बनाई।
 

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने फिर से उन पर भरोसा जताया। ओमकुमार ने राष्ट्रीय लोकदल के मुंशीराम पाल को हराकर जीत की हैट्रिक लगाई। इसके बाद वर्ष 2024 में भाजपा ने उन्हें नगीना लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया। इस चुनाव में उनका मुकाबला आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के चंद्रशेखर आजाद से हुआ। ओम कुमार 1,51,473 मतों से चुनाव हार गए। इस तरह उनका राजनीतिक सफर बसपा से शुरू होकर भाजपा तक पहुंचा। उन्होंने अब तक तीन विधानसभा चुनाव जीते हैं और एक लोकसभा चुनाव लड़ा है।
 

मात्र 258 वोटों से जीते थे ओमकुमार, दूसरे नंबर पर रहे थे मुंशीराम
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में नहटौर सीट पर बेहद करीबी मुकाबला हुआ था। भाजपा के प्रत्याशी ओमकुमार ने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के मुंशीराम पाल को महज 258 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। ओमकुमार को कुल 77,935 वोट मिले थे, जबकि मुंशीराम को 77,677 मत प्राप्त हुए थे। दोनों प्रत्याशियों के बीच मतों का अंतर महज 0.12 प्रतिशत रहा था। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रत्याशी प्रिया सिंह 38,020 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहीं थीं। कांग्रेस की प्रत्याशी मीनाक्षी को 1,343 और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी आलोक कुमार को 1,338 वोट मिले थे।

चुनाव में अन्य प्रत्याशियों में प्रताप सिंह को 556, दिलावर को 451, ऋषिपाल को 448, ओमकार सिंह को 401, गीता को 357 और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी विशाल कुमार को 331 वोट मिले थे। नोटा के पक्ष में 1,057 मत पड़े थे। नहटौर विधानसभा सीट पर कुल 11 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था। भाजपा और रालोद के बीच मुकाबला इतना करीबी था कि तीसरे स्थान पर रही बसपा प्रत्याशी को मिले वोट जीत के अंतर से करीब 147 गुना अधिक थे।
 

ये बोले ओमकुमार
हमने अभी आदेश नहीं पढ़ा है। इसलिए सही से नहीं बता सकते कि हाईकोर्ट के आदेश में क्या कहा गया है। आदेश को पढ़कर उसकी बारीकी पर कानूनी सलाह ली जाएगी। यदि हमारे खिलाफ कुछ हुआ है तो सुप्रीम कोर्ट की शरण ली जाएगी। 
- ओमकुमार, विधायक नहटौर
 
विज्ञापन

ये बोले मुंशीराम पाल
हम हाईकोर्ट गए थे। नहटौर विधायक ओमकुमार ने अपने शपथपत्र में कई जानकारियां गलत दी थीं। वहीं कई जानकारियां छिपाईं थीं। इसी को लेकर आदेश हुआ है। 
- मुंशीराम पाल, पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रत्याशी नहटौर विधानसभा

ये भी देखें...
मुजफ्फरनगर दंगा: पुरबालियान में तीन लोगों की हत्या में आठ आरोपी बरी, बयानों से मुकर गए गवाह और वादी

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें