झालू। डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन ने झालू में ईसाई कब्रिस्तान की भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कराकर कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
दोपहर करीब दो बजे बिजनौर से पहुंची तहसील, चकबंदी विभाग के अलावा नगर पंचायत झालू की संयुक्त टीम ने नहटौर मार्ग स्थित मोहल्ला इस्लामाबाद में अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज ईसाई समाज के कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित दुकान और दीवार को जेसीबी से गिरा दिया गया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि उक्त भूमि को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा था। अवैध कब्जा हटाने के लिए संबंधित पक्ष को पूर्व में कई बार नोटिस चस्पा किए गए और मौखिक रूप से भी निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेशों का अनुपालन नहीं किया गया। डीएम के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि भूमि को कब्जा मुक्त कराया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान सहायक चकबंदी अधिकारी भगत सिंह, चकबंदी कानूनगो जितेंद्र सिंह, चकबंदी लेखपाल सेवाराम, राजस्व लेखपाल विवेक कुमार तथा नगर पंचायत झालू के ईओ मौजूद रहे।