बिजनौर में पत्रकारों से वार्ता करते डीएम व एसपी। स्रोत सूचना विभाग
बिजनौर। आसमान में ड्रोन उड़ने की खबरों और लोगों में फैली दहशत के बीच पुलिस प्रशासन सख्ती के मूड में है। अब बिना अनुमति शादी में भी ड्रोन नहीं उड़ सकेगा। ड्रोन उड़ाने के लिए प्रशासन से अनुमति लेना जरुरी होगा। स्पष्ट किया कि लोग हेलीकॉप्टरनुमा खिलौना उड़ा रहे हैं, जिन्हें ड्रोन समझा जा रहा है।
सोमवार को डीएम जसजीत कौर और एसपी अभिषेक झा ने प्रेस वार्ता की। जिसमें दोनों ही अधिकारियों ने कहा कि जिले में कोई ड्रोन नहीं उड़ रहा है, यह महज एक अफवाह है। शरारत करने के लिए कुछ युवक खिलौने उड़ा रहे हैं। चांदपुर और नगीना में खिलौना ही उड़ता पाया गया है। कहा कि अब अगर कोई खिलौना भी उड़ाएगा तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। चोर समझकर घूमने फिरने वाले लोगों को पकड़ा तो भी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए जाए चुके हैं, रात में गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर कहीं आसमान में लाइट दिखाई दें तो पुलिस को खबर दें।