बिजनौर। सरकारी अस्पतालों में धीरे-धीरे स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ाई जा रही हैं। अब मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। बल्कि, रिपोर्ट सीधे मोबाइल फोन के व्हाट्सएप या एसएमएस के जरिए मिलेगी। इससे इलाज में समय की बचत होगी और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटलाइज किया जा रहा है। अब मरीजों को जांच कराने के लिए मेडिकल अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सभी आवश्यक पैथोलॉजी जांच अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ही हो सकेंगी। बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय में पीओसीटी क्वालिटी एवं स्किल डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से ओरिएंटेशन एवं स्किल प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। कार्यक्रम में शिशिर कुमार रघुवंशी ने आभा आईडी नेक्स्ट जेन ई हॉस्पिटल एबीडीएम स्कैन और शेयर आदि के बारे में बताया।
सीएचसी से आए चिकित्सा अधीक्षकों, लैब टेक्नीशियनों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली को समझाया गया। इसके अलाव बायोकेमिस्ट्री एवं सेल काउंटर सीबीसी मशीन चलाने का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में सीएमओ डाॅ. कौशलेंद्र सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनिल कुमार आदि रहे।