बिजनौर। भले ही बिजनौर गंगा एक्सप्रेसवे से अछूता रह गया मगर अब पानीपत से गोरखपुर तक जाने वाला एक्सप्रेसवे जिले के बीचोंबीच से होकर निकलेगा। इसके लिए सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। साल 2026 की शुरुआत में ही इसका गजट जारी होने की उम्मीद है।
बिजनौर में मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे को फोरलेन करने का काम चल रहा है। बिजनौर से नजीबाबाद तक बाकायदा सड़क को फोरलेन में तब्दील किया जा चुका है। अब बहसूमा से बिजनौर और बिजनौर बाईपास फोरलेन किया जा रहा है।
इसके साथ ही हरिद्वार-काशीपुर फोरलेन के प्रोजेक्ट में शामिल हरिद्वार से नजीबाबाद तक फोरलेन का निर्माण अंतिम दौर में है। इसके अलावा पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे में शामिल बिजनौर-कोतवाली मार्ग का निर्माण भी अंतिम दौर में है।
पिछले दिनों गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर जिले में खूब हल्ला मचा। भाकियू अराजनैतिक ने भी गंगा एक्सप्रेस वे से जिले से जोड़ने के लिए बाकायदा अभियान छेड़ा। इसके लिए पोस्टकार्ड भी मुख्यमंत्री को भेजे गए। मगर ऊपरी स्तर पर कुछ और ही चल रहा था। गंगा एक्सप्रेस-वे के शोर के बीच बिजनौर में पानीपत से गोरखपुर तक जाने वाले एक्सप्रेसवे के लिए सर्वे चलता रहा।
नेशनल हाईवे के सूत्रों की मानें तो बिजनौर में पहले दो जगहों पर सर्वे किया गया था। मगर उक्त दोनों जगहों पर लागत अधिक आ रही थी। ऐसे में उक्त दोनों जगहों से एक्सप्रेस वे निकालने के लिए एनएचएआई के आला कमान ने मना कर दी। जिसके बाद तीसरी जगह पर सर्वे किया गया। अब तीसरी जगह पर किए गए सर्वे को मंजूरी मिलने की पूरी उम्मीद है। सीमांकन किया जा चुका है।