बिजनौर जिले की सभी नौ चीनी मिल समय से भुगतान नहीं कर रही हैं। इनमें सहकारी क्षेत्र की नजीबाबाद चीनी मिल भी शामिल है। भुगतान न करने पर सभी चीनी मिलों को डीएम सुजीत कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। इन चीनी मिलों पर 14 दिन पूर्व खरीदे गन्ने का 712 करोड़ रुपया बकाया है। चीनी मिलों को समय से भुगतान कराने के आदेश दिए हैं।
पिछले पेराई सत्र में चीनी मिलों ने समय से भुगतान नहीं किया था। इससे लगभग पूरे साल किसान आंदोलन करते रहे। किसान और प्रशासन दोनों को परेशानी उठानी पड़ी। चालू पेराई सत्र में अभी से चीनी मिलों से समय से भुगतान कराने के लिए शासन सख्त है। भुगतान में सहयोग के लिए चीनी मिलों को केंद्र सरकार ने लोन भी दिया है। सरकार की मंशा है कि चीनी मिलें 14 दिन के अंदर खरीदे गए गन्ने का भुगतान करती रहे। जिले की चीनी मिलों को भी करीब 400 करोड़ रुपये का लोन मिला है। मगर, चीनी मिल फिर भी समय से भुगतान नहीं कर रही हैं। जिले में नौ चीनी मिल हैं। लोन मिलने के बाद भी इनमें से कोई भी चीनी मिल खरीदे गए गन्ने का भुगतान 14 दिन के अंदर नहीं कर रही हैं। डीएम की ओर से सभी चीनी मिलों को नोटिस जारी किए गए हैं। चीनी मिल अफसरों को समय से भुगतान करने के लिए चेताया गया है।
चीनी मिल बकाया
धामपुर 66.37
स्योहारा 55.48
बिलाई 272
बहादरपुर 13.80
बरकातपुर 109.34
बुंदकी 9.98
चांदपुर 114.15
बिजनौर 65.79
नजीबाबाद 4.66
कुल 712.03
नोट: बकाया करोड़ रुपये में है। आंकड़े गन्ना विभाग से लिए गए हैं।