कासमपुरगढ़ी। पीएचसी कासमपुर गढ़ी के प्रभारी डॉ. सर्वेश निराला ने अप्रैल माह से अक्तूबर तक प्रसव व नसबंदी केस तथा अन्य कार्य पूरे न करने पर 16 आशाओं को नोटिस जारी किए हैं। कार्यों में सुधार न लाने तथा लापरवाही बरतने पर सेवाएं समाप्त करने की चेतावनी भी दी है।
पीएचसी प्रभारी ने बताया पूर्व में समीक्षा बैठक में अधिकतर आशाओं की डायरी पूर्ण नहीं पाई गई। वहीं आशाओं द्वारा कराई जा रही संस्थागत प्रसवों की संख्या, नियमित टीकाकरण, आभा आईडी व भरे हुए सी-बैक फार्मों की संख्या भी संतोषजनक नहीं मिली थी। इसके अलावा परिवार नियोजन संबंधी कार्यों की उपलब्धि भी संतोषजनक नहीं थी।
अप्रैल-2025 से माह अक्तूबर- 2025 तक प्रेरक के रूप में कराई गई कुल महिला एवं पुरुष नसबंदी की संख्या नगण्य थी। मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से ऐसी आशाओं को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए थे। चेतावनी के बावजूद 16 आशाओं द्वारा कार्यों में रूचि नहीं ली जा रही है। इसके चलते उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। संवाद