बिजनौर में प्रशासन की अनुमति के बिना बिलाई शुगर मिल चीनी नहीं बेच सकेगा। पकड़ी गई चीनी की बिक्री से दो दिन में किसानों को भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि गन्ना विभाग ने किसानों की सूचना पर बिलाई मिल द्वारा बिना अनुमति के गुपचुप तरीके से बेचने के लिए ले जाए जा रहे चीनी के 52000 बोरे पकड़े थे। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत मौके पर आ गए थे। इसके बाद किसानों ने बिलाई मिल के खिलाफ कारवाई की मांग को लेकर बेमियादी धरना शुरू कर दिया था। रविवार रात करीब नौ बजे एसडीएम सदर अनुज सिंह, सीओ असित श्रीवास्तव तथा डीसीओ ओपी सिंह की किसानों से वार्ता हुई। भाकियू के जिला अध्यक्ष रामअवतार सिंह के अनुसार एसडीएम ने मिल अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि बिना अनुमति के चीनी नहीं बेची जाए।
बिक्री के पैसे से नियमानुसार किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान हो। तय हुआ है कि पकड़ी गई चीनी के बिक्री मूल्य सवा नौ करोड़ में से आठ करोड़ 87 लाख से किसानों का पेमेंट दो दिन 14 फरवरी तक करें। पहले बकाया में छह करोड़ का भुगतान 17 फरवरी को करने की भी हिदायत दी है।