नोडल अधिकारी ने किया पीएचसी का निरीक्षण
रेहड़। नोडल अधिकारी कोविड-9 अमरनाथ उपाध्याय ने पीएचसी कासमपुरगढ़ी का औचक निरीक्षण किया। कोविड सर्वे का फील्ड सत्यापन भी किया। इस मौके पर उन्होंने पीएचसी पर सफाई रखने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को लखनऊ से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ब्लॉक क्षेत्र कासमपुरगढ़ी का औचक निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने पीएचसी कासमपुरगढ़ी पर कोविड हेल्प डेस्क की जानकारी ली। जनरल वार्ड, टॉयलेट आदि का निरीक्षण किया। पीएचसी प्रभारी रजनीश कुमार ने बताया कि हेल्प डेस्क के माध्यम से सुबह आठ से शाम छह बजे तक कोरोना को लेकर बचाव के लिए समुचित जानकरी की जाती है।
नोडल अधिकारी ने स्वास्थ्यकर्मियों को सफाई रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने राजनगर में कोविड सर्वे का फील्ड सत्यापन किया। राजनगर में घर-घर कोरोना के लक्षणों की जानकारी कर रही टीम द्वारा सर्वे हो चुके घरों पर स्टीकर न लगे देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही निर्देश दिए की टीम जहां -जहां सर्वे कर रही है उन घरों पर स्टीकर अवश्य लगाएं। ताकि पता लग सके की इन घरों में सर्वे हो चुका है। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य विभाग डॉ अनिल मिश्रा, एसीएमओ डॉ एसके निगम, पीएचसी प्रभारी डॉ रजनीश कुमार तथा स्वास्थ्य कर्मी रहे।
सील किया गया भवानीपुर
अफजलगढ़। गांव भवानीपुर उर्फ जिक्रीवाला का 31 वर्षीय एक युवक कोरोना पॉजिटिव निकला। गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस टीम ने पीड़ित युवक को उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर स्वाहेड़ी भेज दिया है।
नोडल अधिकारी रजनीश ने बताया कि सोमवार को अफजलगढ़ क्षेत्र में आए प्रवासियों सहित 125 लोगों की कोरोना जांच के सैंपल भेजे गए थे। इसके अलावा बाकी सैंपल प्रवासियों के भेजे गये थे। बुधवार शाम आई रिपोर्ट में युवक के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने की पुष्टि के बाद उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर भेजा गया है। कोरोना पॉजिटिव परिजनों व संपर्क में आये एक दर्जन से अधिक लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि चार जुलाई को युवक मुंबई महाराष्ट्र से गांव लौटा था। आला अधिकारियों के निर्देश पर हॉटस्पॉट क्षेत्र का बल्लियां लगाकर सील कर दिया गया है ।
- सैनिटाइज कराया गया
हॉटस्पॉट क्षेत्र में पंचायत की ओर से कीटनाशक का छिड़काव कराया गया। ग्राम प्रधान राजपाल सिंह ने बताया की लगातार सफाई करायी जा रही है। कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ितों के घर सहित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में कीटनाशक दवाईयों का छिड़काव करा दिया गया है। उन्होंने हॉटस्पॉट क्षेत्र में सभी आवाजाही न करने व मौके पर ही जरूरत व खाने पीने का सामान पहुंचाये जाने की बात कही है। वही कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग व शासन के निर्देशों पालन करने का आह्वान किया।