बिजनौर। नुमाइश ग्राउंड में बुधवार को आयोजित किसान महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने किसानों से जमीन बचाने के लिए एकजुट होकर आंदोलन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान अपनी जमीन का बैनामा करने के बजाय अपने हक के लिए संघर्ष करें। आंदोलन से ही उचित सर्किल रेट पर मुआवजा मिल सकेगा। किसानों को अपने संगठन को मजबूत कर बड़े संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा।
राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर किसानों की जमीन पूंजीपतियों को सौंपने की कोशिश करने का आरोप लगाया। कहा कि हाईवे और औद्योगिक क्षेत्रों के नाम पर अधिग्रहित होने वाली जमीन का उचित मूल्य मिलना चाहिए। बिजनौर में दो हाईवे के लिए ली जाने वाली जमीनों के सर्किल रेट बढ़ाए जाएं। किसान कम सर्किल रेट पर अपनी जमीन नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद किसानों की मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई होगी। राकेश टिकैत ने फसलों पर एमएसपी लागू करने और गन्ने का मूल्य 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल के बीच निर्धारित करने की मांग उठाई। स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियां अपने घोषणापत्र में स्मार्ट मीटर शामिल करें। किसान स्मार्ट मीटर नहीं लगाने देंगे। कहा कि पार्टी किसानों को जाति-धर्म के नाम पर बांटकर कमजोर करना चाहती है।
टिकैत ने असम के चाय बागानों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां खेती के लिए किए गए समझौतों के बाद किसान अपने ही खेतों में मजदूर बनकर रह गए हैं। उन्होंने किसानों से अपनी जमीन आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाकर रखने की अपील की। किसानों से कहा कि वह अपने बच्चों को रविवार को खेतों में जरूर लेकर जाया करो, तभी उन्हें जमीन से प्यार होगा। साथ ही किसानों से अपने बच्चों की पढ़ाई पर जोर दिया। युवा शिक्षित होगा, तो कहीं भी रोजगार मिलेगा। नई पीढ़ी को नशे से बचाना है।
उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से गुटबाजी छोड़कर संगठन की एकता मजबूत करने का आह्वान किया। कहा इस स्थान पर दो साल बाद पंचायत हुई है। इस कारण ही किसानों का उत्पीड़न हो रहा। किसान एकजुट होंगे, तो कोई भी अधिकारी उन्हें नहीं रोक सकता है। किसान जहां अपनी मांगों को लेकर पंचायत करेंगे, वहीं प्रशासन ज्ञापन लेने पहुंचेगा। बाद में पंचायत में एसडीएम सदर को संगठन की ओर से एक ज्ञापन सौंपा गया।
भाकियू के जिलाध्यक्ष सुनील प्रधान ने कहा कि किसान अधिकारियों के साथ फोटो खिंचवाने नहीं, बल्कि मजबूरी में अपनी मांगों को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचता है। किसानों की समस्याओं का पहले समाधान हो जाए, तो किसान कहीं नहीं जाएगा। उन्होंने बिलाई चीनी मिल समेत बजाज ग्रुप की सभी मिलों से गन्ना भुगतान कराने के लिए आंदोलन की चेतावनी दी।
समसेर सिंह चीमा की अध्यक्षता एवं मुख्य महासचिव मुकेश जंघाला व वीरेंद्र सिंह के संयुक्त संचालन में हुई महापंचायत में अशोक कुमार, नरेंद्र शर्मा, विजेंद्र यादव, बाबूराम तोमर राम अवतार सिंह, सोनू चौधरी, उपमा चौहान, कुलदीप सिंह, विनीत चौधरी, संदीप त्यागी, धर्मेंद्र राणा आदि उपस्थित रहे।
-महापंचायत में भंडारे भी हुए
जलीलपुर, नजीबाबाद और अन्य किसान नेताओं की ओर से नुमाइश ग्राउंड में तीन भंडारों का आयोजन किया गया। इन स्थानों पर महापंचायत में आए किसानों ने भोजन ग्रहण किया।
-व्यापारियों ने किया स्वागत
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष अगम कर्णवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने चौधरी राकेश टिकैत को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर सौरभ अग्रवाल, रचित अग्रवाल, विनीत रस्तोगी, प्रशांत वर्मा आदि रहे।
बिजनौर में भाकियू की पंचायत में मंचासीन राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत व अन्य पदाधिकारी। संवाद