गजरौला शिव। दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों की बेटियों के लिए सरकार द्वारा स्थापित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 2026-27 सत्र के लिए प्रवेश शुरू हो गए हैं। हालांकि, कॉलेज में अभी तक शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति नहीं हो पाई है। वर्तमान में कॉलेज में केवल दो शिक्षक हैं और वह भी अटैचमेंट पर हैं।
कॉलेज में कक्षा 6 से 12 तक छात्राओं को शिक्षा देने के लिए प्रवेश चल रहे हैं लेकिन शिक्षक नहीं मिलने से कक्षा 6 में प्रवेश लेने वाली छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं को बताया गया है कि शिक्षकों की नियुक्ति होने के बाद ही क्लास लगाई जाएगी। इस कारण छात्राओं को अभी तक क्लास में नहीं बैठाया गया और उनकी हाजिरी भी नहीं लगाई जा रही है। कक्षा 7 में अभी तक कोई प्रवेश नहीं हुआ है।
अभिभावक चिंतित हैं कि अगर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई तो छात्राएं घर पर ही रह जाएंगी और उनका भविष्य प्रभावित होगा। प्रधानाचार्य निर्मला शर्मा ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक को अन्य शिक्षकों की डिमांड भेजी गई है। जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति होने की उम्मीद है।