नहीं मिली प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना की कोई किस्त
धामपुर। तहसील क्षेत्र के अधिकांश गांवों के किसानों को अभी तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना की एक भी किस्त नहीं मिल पाई है। किसानों ने कृषि विभाग के अधिकारियों को इसके लिए दोषी ठहराते हुए प्रदेश के सीएम से शिकायत की।
गांव चाकरपुर, भवानीपुर तरकौला, सलावा, मानपुर, शिवपुरी, मटौरा आदि कई गांवों के किसानों का कहना है कि वह ब्लॉक कार्यालय से लेकर कृषि विभाग के जनपद स्तरीय कार्यालय पर चक्कर लगा कर थक चुके हैं। कई बार कृषि उपनिदेशक से समस्या के निदान की मांग की चुकी है। लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई। जिसे लेकर किसानों में असंतोष है।
क्षेत्र के किसान मथुरा, भारत भूषण शर्मा, गिरधारी सिंह, कन्हैया सिंह, गोपाल सिंह, महेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजी शिकायत में बताया कि उन्हें प्रयास के बाद भी अभी संबंधित योजना का एक बार भी लाभ नहीं मिल सका है। वे कई बार पंजीकरण करा चुके है। सैकड़ों से ज्यादा रुपये उनके किराए और कागजों को तैयार करने में खर्च हो चुके है। लेकिन पंजीकरण होने के बाद भी अभी तक उनकी एक भी किस्त नहीं मिली है।
उप कृषि निदेशक बिजनौर के कार्यालय के कर्मचारी सचिन कुमार ने बताया कि उनका काम पंजीकरण कर सरकार की लाभार्थियों वाली सूची में शामिल कर प्रेषित करने का था। जल्दी ही किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।