धामपुर के केनरा बैंक के बाहर हंगामा करते खाताधारकों को समझाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के धामपुर में खाताधारकों ने दो दिन के अवकाश के बाद भी कैश न मिलने पर सोमवार को कैनरा बैैंक में जमकर हंगामा किया। खाताधारकों के हंगामे को देख बैँककर्मी अपनी कुर्सियां छोड़ इधर-उधर हो गए। बैंक का कैशियर बढ़ते हंगामे को देख बैंक से खिसक गया। खाताधारकों ने करीब दो घंटे तक बैंक में हंगामा किया। पुलिस के पहुंचने के बाद ही आक्रोशित खाताधारक शांत हुए।
दि बिजनौर अरबन कोआपरेटिव बैंक में दोपहर बाद कैश का वितरण हुआ। सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में कैश न होने को बोर्ड टांग देने से लोगों ने हंगामा किया। कैनरा बैंक में तो खाताधारकों के हंगामे को देख बैंक कर्मचारी भी बेचैन रहे। कैनरा बैंक के बाहर लोगों की लंबी लाइन लगी थी। जब बैँक के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से कहा कि उनके पास कैश की कमी है। इसलिए जरूरत के अनुरूप नगदी का वितरण नहीं हो पाएगा। यह सुनकर खाताधारकों का गुस्सा बढ़ गया।
खाताधारकों ने बैंक के दरवाजे पीटने शुरू कर दिए। लोगों के हंगामे को देेख जब बैंक अधिकारियों ने शटर डालकर अपने सुरक्षित करने का प्रयास किया तो और ज्यादा हंगामा हो गया। बैंक के अधिकारी कुर्सियां छोड़ इधर-उधर हो गए। बाद में पुलिस ने बड़ी मुश्किल से लोगों को शांत किया। शटर खुलवाने के बाद बैंक अधिकारियों से वार्ता की और बाद में कैश के हिसाब से लोगों को दो-दो हजार रुपये का वितरण कराया। उधर, गांव जैतरा के कैनरा बैँक में भी लोगों ने हंगामा किया।
दूर संचार विभाग के कर्मचारी नेता जेपी सिंह, महावीर सिंह, महीपाल सिंह, बलराम सिंह के नेतृत्व में पीएनबी मंडी शाखा में सैलरी का पैसा न मिलने पर हंगामा किया गया। कर्मचारियों ने बैँक के एबीएम पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए एलडीएम बिजनौर अजय कुमार से कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि इस बैंक में उपभोक्ता पहले भी जमकर हंगामा कर चुके हैं।