चंदक क्षेत्र के गांव किशनपुर में मौजूद पुलिस बल।
- फोटो : अमर उजाला
चंदक में ग्राम किशनपुर में कुछ असामाजिक तत्वों ने पीपल के पेड़ के नीचे स्थापित शनिदेव की मूर्ति खंडित कर दी। गांव वालों ने दूसरे समुदाय के युवकों पर मूर्ति खंडित करने का शक जताया।
मंडावर थाने के गांव किशनपुर में भुईयार समाज की जगह में खड़े पीपल के पेड़ के नीचे हनुमान व शनिदेव की मूर्ति स्थापित है। रविवार सुबह महिला किरन पीपल पर जल चढ़ाने पहुंची तो शनि देव की मूर्ति खंडित देखकर ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर लोगों का भीड़ एकत्र हो गई। गांव वालों के मुताबिक पास में ही अंडे के छिलके और शराब की बोतलें पड़ी थी। लोगों का आरोप था कि पास में ही गैर संप्रदाय में शादी समारोह था। उसमें आए लोगों ने शराब पीकर यह हरकत की है। सूचना मिलते ही मंडावर थानाध्यक्ष अंशुमाली भारती भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। सीओ महेश कुमार व एसडीएम ब्रिजेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए और गांव वालों से वार्ता की। इसके बाद अधिकारियों ने गांव के लोगों को नई मूर्ति लेने के लिए हरिद्वार रवाना कर दिया। शाम को ग्रामीण शनिदेव की मूर्ति लेकर गांव पहुंच गए। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।