बिजनौर। नवरात्र का पर्व इस बार कारोबारियों के लिए भी खुशियां लेकर आया। जिलेभर में आठ दिनों के दौरान करीब पचास करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। सबसे ज्यादा बिक्री वाहनों और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की रही।
श्राद्ध पक्ष के बाद नवरात्र आए तो बाजार में रौनक छा गई। शहर से लेकर कस्बों तक लोगों ने खरीदारी करने में बिलकुल भी संकोच नहीं किया। वाहन शोरूम पर ग्राहकों ने नई गाड़ियों की जमकर खरीदारी की। जिले में आठ दिन के भीतर ही 750 नए वाहनों का पंजीकरण एआरटीओ कार्यालय में हुआ।
इलेक्ट्रॉनिक सामानों की बिक्री ने भी पिछले कई महीनों के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया। टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन से लेकर मोबाइल फोन तक ग्राहकों ने जमकर खरीदे। व्यापारी नेता मनोज कुच्छल बताते हैं कि वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खूब बिक्री हुई है। जिले में करीब पचास करोड़ रुपये का कारोेबार हुआ है।