नांगल थाने में रखे शस्त्रों का निरीक्षण करते सीओ रामानंद कुशवाहा।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में पुलिस क्षेत्राधिकारी ने नांगल थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर सीओ ने थानाध्यक्ष से नाराजगी जताई। उधर, होली पर्व शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सीओ ने साहनपुर चौकी पर शांति समिति की बैठक भी ली।
सीओ रामानंद कुशवाहा ने शुक्रवार को नांगल थाने का औचक निरीक्षण किया। सीओ को अभिलेखों का रखरखाव बेहतर नहीं मिला। रजिस्टर चार व आठ और मालखाना रजिस्टर अव्यवस्थित मिले। न तो थाना परिसर की साफ-सफाई बेहतर मिली और न ही थाने पर असलाह, हेल्मेट, डंडा आदि सामान उचित ढंग से रखे मिले। सीओ ने इसके लिए थानाध्यक्ष फतेह सिंह से नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभा चुनाव के बाद होली पर्व के मद्देनजर नांगल थाने की पुलिस से अलर्ट रहने के लिए कहा। उधर, सीओ रामानंद कुशवाहा ने साहनपुर वासियों के अनुरोध पर पहली बार साहनपुर पुलिस चौकी पर शांति समिति की बैठक आयोजित की। चेयरमैन खुर्शीद मंसूरी की उपस्थिति में हुई बैठक में सीओ ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने रंग जुलूसों को पूरी जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थित ढंग से निकालने, किसी पर जबरन रंग न डालने, नगरपंचायत कर्मियों से सफाई के प्रति विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही पुलिस से असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए कहा। बैठक में थाना प्रभारी तेजेंद्र यादव, ईओ साहनपुर विजेंद्र सिंह पाल, विजय वर्मा, अरुण कुमार, मास्टर नईम, योगेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।