नजीबाबाद में आवास विकास कालोनी के लिए आरक्षित भूमि पर लगाया गया बोर्ड।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में आवास विकास परिषद लंबे अरसे बाद नजीबाबाद में ग्राहकों के अपना घर बनाने का सपना पूरा करने जा रही है। करीब 32 एकड़ में बनने वाली इस कॉलोनी की जमीन का शासन ने अधिग्रहण कर लिया है। इस जमीन में 40 स्कवायर मीटर से 250 मीटर तक के प्लाट और 40 से 200 मीटर तक के भवन बनाकर ग्राहकों को दिए जाएंगे। अब आवास विकास के शीघ्र काम शुरू कराने के निर्णय से लोगों में अपना घर होने की उम्मीद जगी हैै।
गौरतलब है कि 25- 26 साल पूर्व आवास विकास ने नजीबाबाद में आवासीय कॉलोनी बनाने का निर्णय लिया था। इसके लिए नजीबाबाद कोटद्वार मार्ग पर जमीन चयनित की गई। हालांकि किसानों से जमीन ली नहीं जा सकी। मामला ठंडे बस्ते में चला गया। आवास विकास के मंडलीय कार्यालय के सहायक एसके शर्मा को विभागीय अधिकारियों ने इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने किसानों से संपर्क कर आपसी सलाह समझौते से अधिकांश जमीन की लिखापढ़ी कराई। करीब 32 एकड़ में बनने वाली इस कॉलोनी की जमीन का शासन ने अधिग्रहण कर लिया। विभाग के अधिशासी अभियंता एवी सिंह के मुताबिक इस जमीन में 40 स्कवायर मीटर से 250 मीटर तक के प्लाट और 40 से 200 मीटर तक के भवन बनाकर दिए जाएंगे। पेयजल की सुविधा से युक्त सड़कों की चौड़ाई 18 मीटर से छह मीटर तक होगी। सात सौ से आठ सौ के बीच प्लाट और आवास होंगे। कॉलोनी पर लगभग दो माह में कार्य शुरू हो जाएगा। कॉलोनी में निर्माण कार्य के लिए धनराशि मंजूर हो गई है। नजीबाबाद कोटद्वार मार्ग पर कॉलोनी की सीमा के होर्डिंग्स लगाए जा चुके हैं। परियोजना अधिकारी का कार्यालय साइड पर कार्य करने लगा है।