नजीबाबाद। मूसलाधार वर्षा के चलते नगर के मोहल्ला शामली, दीवान परमानंद सहित कई मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में रात से विद्युत व्यवस्था ठप रही। करीब 20 घंटे बाद विद्युत आपूर्ति मिलने पर नागरिकों ने राहत महसूस की।
बुधवार की रात मूसलाधार वर्षा का सिलसिला पूरी रात जारी रहा। रात को अकबरपुर चौगांवा बिजली घर से जुड़ी विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आ गई। तकनीकी खराबी आने से नगर के दीवान परमानंद, शामली, बालकराम सहित कई मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति ठप बुधवार रात से बृहस्पतिवार को दिनभर ठप रही। उधर गांव समीपुर, महावतपुर बिल्लौच सहित करीब एक दर्जन से अधिक गांव भी तकनीकी खराबी से प्रभावित हुए। कर्मचारियों ने विद्युत लाइन में आई खराबी ढूंढने के लिए दिन भर पेट्रोलिंग की। बृहस्पतिवार को देर शाम 132 केवी उप संस्थान से अकबरपुर चौगांवा की 33 हजार केवी क्षमता की विद्युत लाइन की तकनीकी खराबी मिली। करीब 20 घंटे बाद विद्युत आपूर्ति मिलने से नगर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। उधर साहनपुर बिजली घर से जुड़े मोहल्ला वाहिदनगर, संतोमालन, रम्पुरा सहित कई क्षेत्रों में दिन भर रुक-रुक कर विद्युत आपूर्ति प्रभावित होती रही जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।