धामपुर। रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य चलने के कारण नहटौर मार्ग स्थित रेलवे फाटक को एक बार फिर बंद कर दिया गया। बिना किसी पूर्व सूचना के फाटक को बार बार बंद करने से राहगीर परेशान हो रहे है।
बताया गया कि दो माह के भीतर तीसरी बार फाटक के बंद होने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। मरम्मत कार्य के चलते फाटक को मार्च माह में लगभग 25 दिन के लिए पूर्ण रूप से बंद किया गया था। कुछ दिन खुलने के बाद अप्रैल माह के पहले सप्ताह में लाइन पर कार्य चलने के कारण फाटक को पुन: महीने भर के लिए बंद कर दिया गया। मई माह के पहले सप्ताह में रेलवे फाटक खुलने से लोगों ने राहत महसूस की लेकिन सप्ताह भर बाद बृहस्पतिवार से एक फिर इस रेलवे फाटक को बंद कर दिया गया।
नगर निवासी राहुल गुप्ता, प्रशांत कुमार, सनी आदि का कहना है कि रेलवे बिना किसी पूर्व सूचना के फाटक को बार बार बंद कर देता है। जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन को एक बार कार्य पूर्ण करने के उपरांत ही फाटक को खोलना चाहिए ताकि भ्रम की स्थिति पैदा न हो। उधर रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक पर अधिकतर कार्य पूर्ण हो चुका है। शीघ्र की कार्य को पूरा कराकर फाटक को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।