घर से बाहर निकलने पर अवश्य करें मास्क का प्रयोग
बिजनौर। कोरोना वायरस (कोविड-19) एक से दूसरे व्यक्ति के संपर्क में आने से फैलता है। मास्क पहनने से किसी संक्रमित व्यक्ति से हवा में मौजूद थूक की बूंदों से निकला कोरोना वायरस से काफी हद तक बचा जा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा घर से बाहर निकलने पर हर किसी को मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसकी अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक एवं राज्य के नोडल अधिकारी डा. अनिल कुमार मिश्रा के अनुसार लोगों को बाहर निकलने पर मास्क लगाने और घर पर मास्क बनाने के बारे में जागरूक करने में जुट गया है। बताया कि बाजार में मास्क न मिलने पर उसे आसानी से घर पर भी बनाया जा सकता है। मोटे फैब्रिक, कॉटन टी शर्ट या बनियान को परतों में काटकर मास्क बना सकते हैं। मोटा फैब्रिक होने से वह सुरक्षित रहेगा और उसे धोने में भी आसानी होगी। स्कार्फ या रुमाल को अगर मास्क की जगह इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसके भी दो-तीन फोल्ड कर लें ताकि कपड़े की परतें बनी रहें। घरेलू मास्क को दोबारा इस्तेमाल से पहले अच्छी तरह से धोलें। उन्होंने बताया कि परिवार के हर सदस्य के पास कम से कम दो मास्क होने चाहिएं, ताकि एक को पहन सकें और दूसरे को धोकर सुखा सकें। ध्यान रहे अपने मास्क को किसी से भी शेयर न करें। जिस प्लास्टिक बैग में मास्क रखें उसे भी साबुन-पानी से ठीक से धोकर सुखा लें उसके बाद मास्क रखकर सील कर दें।
इन बातों का रखें खयाल
-मॉस्क को पहनने से पहले हाथों को अच्छी तरह से धोएं।
-सुनिश्चित करें कि मास्क चेहरे पर अच्छी तरह से फिट हो तथा किनारों से कोई गैप न हो।
-मास्क के सामने की सतह को न छुएं।
-उतारते समय इसे पट्टी की तरफ से पीछे से निकालें।
-हमेशा पट्टी को नीचे और उसके बाद ऊपर की तरफ से खोलें।
-उतारने के बाद मास्क को तुरंत साबुन के घोल या उबलते पानी में डालें।
-मास्क को हटाने के बाद हाथों को 40 सेकेंड तक साबुन व पानी से धोएं।