मुस्लिमों ने रखा रोजा, मंदिरों में प्रार्थना
अफजलगढ़। देशभर में फैल रहे कोरोना वायरस के खात्मे के लिए मंदिर और मस्जिदों में प्रार्थना, दुआएं मांगने का सिलसिला शुरू हो चुका है। ग्रामीणों ने इस महामारी को रोकने के लिए घरों पर ही ईश्वर की पूजा अर्चना की।
भूतपुरी क्षेत्र के गांव आलमपुर गांवड़ी में देश में फैल रही कोरोना से बचाव और देश की खुशहाली के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रविवार, सोमवार को रोजा रखा और घरों में ही अल्लाह से देश की खुशहाली, बीमारी से निजात दिलाने की दुआ की। मुस्लिम वर्ग के लोगों ने इस तरह देश के ऊपर आई प्राकृतिक आपदा में सभी वर्गों से सहयोग करने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर रविवार को सारा दिन ग्रामीण घरों में कैद रहे और दुआ करते रहे। मोहम्मद असलम अंसारी, मोहम्मद साबिर, मोहम्मद शमीम, मोहम्मद जाकिर, मोहम्मद नदीम आदि ने बताया कि इस भयानक महामारी से बचने व उसके प्रकोप को कम करने के लिए उन्होंने परिवार के साथ रोजा रखकर दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि देश की खुशहाली के लिए हर सहयोग करने के लिए तैयार हैं। रोजा रखने वालों में मुनीजा खातून, फातमा खातून, जहरा खातून, मुंतरीन, सर्विन, साहिस्ता, शमा खातून, सानिया, शबीना, अमीना, जैतून, अफसाना, नजराना आदि मौजूद रहीं।