नेशनल सिक्योरिटी एंड एंटी क्रप्शन क्राइम प्रिवेंटिव ब्रिगेड ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नगरपालिका नजीबाबाद पर सरकारी खर्च पर मुशायरा कराने का आरोप लगाया है। उधर, वार्ड सात के सदस्य ने अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया।
ब्रिगेड की राष्ट्रीय सचिव सुशीला गुप्ता ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में नगरपालिका परिषद नजीबाबाद पर सरकारी खर्च से ऑल इंडिया मुशायरा कराने का आरोप लगाया है। इस प्रकरण की जांच कराने की मांग की है।
उधर, नगरपालिका परिषद के वार्ड सात के सदस्य सदरूद्दीन ने नगरपालिका परिषद खर्च पर ऑल इंडिया मुशायरा कराने, परिषद द्वारा अनियमितता बरते जाने, वार्ड विकास के प्रति ध्यान न दिए जाने का आरोप लगाते हुए नगरपालिका सदस्यता से त्यागपत्र दिया। इस मामले में नगरपालिका परिषद के चेयरमैन मुअज्जम खां ने आरोप को निराधार बताया।
कहा कि बोर्ड मीटिंग में मेला नेजा गुजरी के दौरान मुशायरा तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने का प्रस्ताव पारित किया गया था। बोर्ड की परीक्षाओं के चलते मेले के समय मुशायरा नहीं कराया गया था। उन्होंने बताया कि मुशायरा आयोजन में सिर्फ पंडाल खर्च नगरपालिका वहन करेगी बाकी खर्च अंजुमन और नागरिकों की ओर से वहन किया जाएगा।
उन्होंने नगरपालिका सदस्य सदरूद्दीन के आरोप को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सदरूद्दीन नीलामी प्रक्रिया के बिना भारत सिनेमा क्षेत्र में नगरपालिका परिषद की दो दुकानें दिए जाने की मांग कर रहे हैं। यह मांग नियमानुसार संभव नहीं है।