संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर। गांव धौलागढ़ के शिक्षक पवन यादव हत्याकांड का पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। पकड़े गए दोनों आरोपी आपस में ममेरे और फुफेरे भाई हैं, जिन्होंने रिश्ते के मामा पवन यादव की हत्या करने से पहले घर में चोरी भी की थी।
बृहस्पतिवार की सवेरे शिक्षक पवन यादव का शव उनके ही बाथरुम में पड़ा मिला था। शुरुआत में हादसा समझा गया, मगर मौके के हालात और शक के आधार पर हत्या के पहलू पर पुलिस ने जांच शुरू की।
एएसपी देहात राम अर्ज ने बताया कि इस मामले में कुलदीप पुत्र दयाराम निवासी गांव रौनिया और शरद यादव उर्फ सुमित पुत्र संतोष निवासी अहीरपुर नूरपुर को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी कुलदीप शिक्षक पवन यादव की चचेरी बहन का बेटा है, जबकि शरद यादव कुलदीप का फुफेरा भाई है। कुलदीप बुधवार की शाम फुफेरे भाई शरद यादव को लेकर रिश्ते के मामा शिक्षक पवन यादव के घर पहुंचा था। तीनों ने शराब पी।
इसी बीच पवन यादव अपने नौकर के संग पशुओं को बांधने चले गए। इस दौरान दोनों आरोपियों में घर में रखे सोने के आभूषण और चांदी का सिक्का समेत नकदी चोरी कर ली। पवन यादव लौटकर इनके पास आए तो तीनों में गाली गलौज हो गई।
इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से सिर पर वार कर पवन की हत्या कर दी। हत्या को हादसा जाहिर करने के इरादे से शव को बाथरूम में डाल कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।