लखनऊ में भाजपा की सदयस्ता लेते बिजनौर के रालोद नेता मुनिदेव शर्मा।
- फोटो : BIJNOR
रालोद छोड़ भाजपा में शामिल हुए मुनिदेव शर्मा
बिजनौर। वरिष्ठ रालोद नेता और जिले की राजनीति का चाणक्य कहे जाने वाले मुनिदेव शर्मा ने रालोद छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। स्व. चौधरी अजित सिंह के बेहद करीबी रहे मुनिदेव शर्मा के भाजपा में जाने से रालोद को झटका लगा है। उन्होंने अब भाजपा में ही रहकर जनसेवा करने की बात कही है।
शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा के ज्वॉइंनिंग कमेटी चेयरमैन व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी की मौजूदगी में मुनिदेव शर्मा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत साल 1970 में कांग्रेस से की थी। वे 14 साल तक कांग्रेस जिलाध्यक्ष रहे। उन्होंने साल 1993 में कांग्रेस के टिकट पर चांदपुर से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। साल 2003 में रालोद में जाने पर चौधरी अजित सिंह ने उन्हें वेस्ट यूपी अध्यक्ष बनाया था। मुनिदेव शर्मा पिछले काफी समय से प्रदेश महासचिव पद पर थे।
वे जिला कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन व कई साल तक संचालक भी रहे। चौधरी अजित सिंह के राजनीतिक सलाहकार माने जाते थे। मुनिदेव शर्मा ने कहा कि भाजपा के राज में देश की सीमाएं और देश मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निजी हित में नहीं केवल जनता के हित में ही काम कर रहे हैं। जनता की भावनाएं भाजपा के ही साथ हैं। उन्होंने बताया कि रालोद में वरिष्ठ नेताओं को पहले जैसा सम्मान भी नहीं मिल रहा था। इसलिए उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है।