नजीबाबाद। सांसद गिरीश चंद ने भोगपुर पहुंचकर गुलदार का शिकार हुए प्रशांत के परिजनों का ढांढस बंधाया। सांसद गिरीश चंद बुधवार को भोगपुर पहुंचे। सांसद ने 6 जनवरी को छात्र प्रशांत को गुलदार द्वारा मारने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतक छात्र के दिव्यांग पिता जयप्रकाश और परिजनों को ढांढस बंधाया। सांसद से ग्रामीणों ने वन विभाग द्वारा अज्ञात भीड़ के खिलाफ गुलदार को मारने की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस और वन विभाग द्वारा ग्रामीणों का उत्पीड़न करने की आशंका व्यक्त की।
सांसद ने कहा कि आदमखोर गुलदार को आत्मरक्षा में भीड़ द्वारा मारा गया है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि यदि किसी भी ग्रामीण को घटना में नामजद कर उसे परेशान किया जाता है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सांसद ने घटना के दो दिन बाद भी डीएम के आश्वासन के बावजूद पीड़ित परिवार को मुआवजा न दिए जाने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से मृतक परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दिलानेे को कहा।
जिम्मेदार अधिकारियों पर दर्ज करें रिपोर्ट : सांसद
नजीबाबाद। सांसद गिरीश चंद ने नजीबाबाद के गांव भोगपुर, प्रेमपुरी और आलम सराय सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गुलदार से हुई मौतों के लिए वन विभाग को सीधे जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि गुलदार के हमलों को रोकने के लिए वन विभाग ने कोई भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की। सांसद ने जनहानि के लिए सीधे वन विभाग को जिम्मेदार बताते हुए घटनाओं से संबंधित वन अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।