बिजनौर जिले के धामपुर में नए नोट नहीं आने के कारण अधिकांश बैंकों के पास ग्राहकों को देने के लिए नकदी नहीं है। ग्राहकों को बैंकों से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इससे ग्राहकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। एटीएम पर भी ताले लटके पड़े हैं। एटीएम बंद होने की वजह से हालात बेकाबू हो गया है।
बृहस्पतिवार को धामपुर में अधिकांश बैंकों की झोली खाली रह गई। बैंकों में नए नोटों की करेंसी तक उपलब्ध नहीं है। नोट नहीं होने की वजह से बैंकों के बाहर भीड़ नहीं दिखाई दी। अधिकांश ग्राहक बैंक में रकम को बदलने के मकसद से आए थे। हालांकि बैंक नोट से खाली होने की वजह से ग्राहकों को बैरंग लौटना पड़ा। ग्राहक राजवीर सिंह, सुधीर तोमर, मनोज कांबोज का कहना है कि वह एक सप्ताह से बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। बैंक से रकम ही नहीं मिल पा रही है। रकम होती भी है तो बैंक कर्मी ग्राहकों को एक-एक हजार रुपये तक टरका देते हैं। ग्राहकों ने अधिकारियों से केंद्र की गाइड लाइन के हिसाब से रकम वितरित कराने की मांग की है।