खुद को आइसोलेट कर निभाई नैतिक जिम्मेदारी : चौधरी
बिजनौर। भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी व उनके पति एश्वर्य चौधरी ने खुद को बच्चों सहित अपने मकान में आइसोलेट कर लिया है। दोनों ने कुछ दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह से लखनऊ में मुलाकात की थी।
क्षेत्र की समस्याओं को लेकर भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी और उनके पति पिछले दिनों लखनऊ गए थे। वहां कई मंत्रियों से वार्ता की थी। स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह से 18 मार्च को उनके कार्यालय में मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं के संबंध में ज्ञापन दिया था। करीब आधे घंटे तक उनके कार्यालय में बात की थी। अब बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की पार्टी में स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह के शामिल होने की बात सामने आ रही है, जिसको देखते हुए विधायक सुचि मौसम चौधरी ने परिवार सहित खुद को अपने आवास में आइसोलेटेड कर लिया है। एश्वर्य चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री की जांच रिपोर्ट आने तक उनका परिवार आईसोलेशन में रहेगा। उन्होंने कहा कि नैतिक जिम्मेदारी निभाने के लिए आइसोलेशन का फैसला लिया है। हर व्यक्ति को कोरोना को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। इसलिए वह काफी समय से किसी से भी हाथ नहीं मिला रहे हैं और सभी को कोरोना से बचने के लिए सतर्क रहने का संदेश दे रहे हैं।