तीन लाख से अधिक श्रमिकों के खाते में गई धनराशि
बिजनौर। कोरोना महामारी की तीसरी लहर आने की संभावना है। जिसे देखते हुए सरकार ने श्रमिकों को मार्च तक दो किस्तों में दो हजार रुपये देने की घोषणा की थी। सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसका शुभारंभ कर दिया। जिले के एक लाख 95 हजार 670 निर्माण कार्य और असंगठित क्षेत्र के एक लाख सात हजार 434 श्रमिकों को इसका लाभ मिला है।
श्रम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 25 दिसंबर तक जिन श्रमिकों ने अपना पंजीकरण करा दिया था, उनके खातों में पहली किस्त के एक हजार रुपये आ गए हैं। 31 दिसंबर 2021 तक जिले के करीब सात लाख श्रमिकों ने अपना पंजीकरण कराया है। इसका लाभ केवल उन्हीं श्रमिकों को मिलेगा, जिन्हें अभी तक किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला है। साथ ही किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पाने वाले लघु एवं सीमांत किसानों को भी इसका लाभ नहीं मिलेगा। जिले के एक लाख 95 हजार 670 श्रमिकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से पहली किस्त के रूप में एक हजार रुपये भेज दिए गए हैं। पहले चरण में जिले के तीन लाख तीन हजार 434 श्रमिकों के खाते में एक-एक हजार सरकार की तरफ से भेजे गए हैं। विकास भवन में सीएम योगी आदित्यनाथ के संबोधन कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। इस मौके पर डीएम उमेश मिश्रा, श्रम सहायक आयुक्त उमेश कुमार, सीडीओ सहित आदि अधिकारी मौजूद रहे।