बिजनौर में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से देश को खतरा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता की मेहनत की कमाई को काला धन बताकर देश की अर्थव्यवस्था चौपट कर दी। सभी के खातों में 15-15 लाख रुपये भेजने की बात कहने वाले भाजपाइयों ने बैंकों की लाइन में मरे लोगों के परिजनों को मुआवजा तक नहीं दिया। बसपा की सरकार में लखनऊ और नोएडा में हाथी खड़े कर दिए गए। इस बार बसपा तो चुनाव की मुख्य लड़ाई में है ही नहीं।
प्रदर्शनी मैदान में बिजनौर की प्रत्याशी रुचिवीरा के समर्थन में हुई जनसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वाले यूपी को स्कैम (सपा, कांग्रेस, अखिलेश और मायावती) से बचाने की बात कह रहे हैं, जबकि बुआ जी से राखी बंधवाकर गठबंधन भी वे ही करते हैं। चुनाव के बाद भाजपा और बसपा वाले फिर से एक हो सकते हैं। भाजपा वाले कहते हैं कि उनकी आंधी चल रही है, लेकिन उन्हें भाजपा की हवा भी दिखाई नहीं दे रही। सपा ने जनता को लैपटॉप दिया, कन्या विद्या धन दिया, 108 व 102 एंबुलेंस दीं, किसानों का गन्ना भुगतान समय से दिलाया। सीएम ने कहा कि सपा की सरकार फिर से बनेगी और खादर में तटबंध बनाकर कटान और बाढ़ से निजात दिलाई जाएगी। मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष कुंवर उदयन वीरा, कांग्रेस से पूर्व एमएलसी नसीब पठान, चेयरमैन फरीद अहमद, मंडावर चेयरमैन मोहम्मद आसिफ, खुशनूद खां, सतपाल सिंह, सौरभ सिंघल समेत तमाम नेता मौजूद रहे।
किरतपुर में नगीना से प्रत्याशी मनोज पारस के समर्थन में हुई जनसभा में सीएम कहा कि नोटबंदी के बाद एक महिला ने बैंक की लाइन में बच्चे को जन्म दे दिया। बैंकवालों ने उस बच्चे का नाम खजांची रख दिया। उन्होंने उस बच्चे का पता लगाकर उसके परिजनों को दो लाख रुपये दिए। फिर से सरकार बनने पर वे स्कूलों में बच्चों को हर महीने एक-एक किलो घी व मिल्क पाउडर देंगे। महिलाओं को कूकर देंगे। समाजवादी पेंशन 500 रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये की जाएगी। युवाओं को रोजगार देंगे। स्मार्ट फोन देंगे। रोडवेज में महिलाओं का किराया आधा करेंगे। पशुओं के लिए भी एंबुलेंस सेवा शुरू की जाएगी। हर गांव और शहर में 24-24 घंटे बिजली दी जाएगी। सभा में नजीबाबाद से प्रत्याशी तसलीम अहमद, किरतपुर चेयरपर्सन के पति मन्नान आदि मौजूद रहे।
नूरपुर में सपा प्रत्याशी नईमुल हसन के समर्थन में जनसभा में अखिलेश ने कहा कि भाजपा वाले यूपी में पांच मुख्यमंत्री बनाने की बात कहते थे, लेकिन उनके पास खुद का एक मुख्यमंत्री तक नहीं है। बसपा ने लखनऊ और नोएडा में हाथी की बड़ी-बड़ी मूर्तियां बना दीं। बैठने वाली मूर्ति अब तक बैठी है और खड़ी होने वाली मूर्ति अभी भी खड़ी है, जबकि उन्होंने जो लैपटॉप बांटे, वो युवाओं के काम आ रहे हैं। उन्होंने चांदपुर से प्रत्याशी अरशर अंसारी को वोट देकर जिताने की अपील की। मंच पर सीएम के साथ नईमुल हसन, अरशद अंसारी, पूर्व राज्यमंत्री कुतुबुद्दीन अंसारी, पालिका चेयरमैन हाजी इरशाद अली, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व सांसद यशवीर सिंह, रफी सैफी, नसरीन सैफी, एमएलसी संजय लाठर, नसीब पठान मौजूद रहे। जनसभा की अध्यक्षता कुतुबुद्दीन अंसारी व संचालन अहमद अंसारी ने किया।
धामपुर में मंत्री मूलचंद चौहान के समर्थन में हुई जनसभा में सीएम कहा कि सपा ही प्रदेश को स्कैम से बचाएगी। स्कैम का मतलब हे सेव द कंट्री फ्रॉम अमित एंड मोदी। अब साइकिल को कांग्रेस का हाथ मिल गया है। साइकिल की रफ्तार दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि मूलचंद चौहान के फिर से विधायक बनने पर उन्हें सरकार में ऐसा ओहदा दिया जाएगा, जिससे वह जनता की सीधे सेवा कर सकें। उन्होंने बढ़ापुर के कांग्रेस प्रत्याशी हुसैन अहमद अंसारी और नहटौर से कांग्रेस प्रत्याशी मुन्नालाल प्रेमी को भी भारी मतों से जिताने की अपील की। इस दौरान पालिकाध्यक्ष महमूद हसन कस्सार, कमरुल इस्लाम, शहर इमाम मुफ्ती कमर, शेख सुलेमान, हुसैन अहमद अंसारी, मुन्नालाल प्रेमी, मूलचंद चौहान मौजूद रहे।